सार
- एक भाई के पक्ष के लोगों ने दूसरे भाई की पत्नी और युवा बेटे को मार डाला
- दोनों पक्षों ने दी पुलिस को तहरीर, आरोपित का पूरा परिवार पुलिस हिरासत में
विस्तार
गोरखपुर जिले के पोखरी गांव में रविवार सुबह पेड़ काटने को लेकर दो सगे भाइयों में विवाद हो गया। एक भाई के पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दूसरे भाई की पत्नी हेमलता (50) और बेटे हर्ष (23) की हत्या कर दी।
इस दौरान हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जो अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। थाने में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पोखरी गांव के अरविंद दुबे और राजेश दुबे सगे भाई हैं। दोनों के बीच एक पेड़ को लेकर विवाद चल रहा है। अरविंद ने महुआ का पेड़ बेच दिया था, जिसे काटने के लिए रविवार को ठेकेदार पहुंचा था। जैसे ही पेड़ कटना शुरू हुआ, राजेश के परिवार के लोग विरोध करने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें राजेश और अरविंद समेत तीन लोग घायल हो गए।
सभी को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उधर, गांव में राजेश के साथ मारपीट की खबर पाकर उसके कुछ साथी और रिश्तेदार आ गए। ये लोग अरविंद के घर पहुंचे और उनकी पत्नी हेमलता व बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों को घायल कर हमलावर फरार हो गए।